संगमरमरी ताजमहल सूरज की किरण पड़ते ही जिस सुनहरी लालिमा से दमकता है, उसकी झलक पाने को दुनियाभर के सैलानी बेकरार रहते हैं। दुनिया का सातवां अजूबा सूर्योदय और सूर्यास्त के समय सुनहरी आभा लिए नजर आता है। ताज के इस रूप का दीदार करने के लिए दुनियाभर के सैलानी भोर की पहली किरण के साथ ही ताज पर पहुंचते हैं। वहीं सूर्यास्त का नजारा भी मनमोहक होता है। शुक्रवार को ताजमहल और पार्श्व में कलकल बहती कालिंदी का नजारा भी दिल को छू लेने वाला था। बादलों के बीच सूरज की किरणें ताजमहल पर पड़ रही थी और यमुना का पानी हिलोरें मार रहा था। बता दें कि इस समय ताजमहल समेत सभी स्मारकों के दीदार का समय सुबह छह बजे से शाम छह बजे तक किया जा सकता है।