अपना स्टार्ट अप शुरू करने या नौकरी करने की ऊहापोह में फंसे युवाओं के लिए ताजनगरी के अस्थाना भाइयों का जुझारूपन और जज्बा मिसाल है। जेब में महज 1500 रुपये लेकर गोकुलपुरा के रजत अस्थाना और शिशिर अस्थाना ने मार्बल हैंडीक्राफ्ट का व्यवसाय शुरू किया। अब उनकी कंपनी सालाना 302 करोड़ रुपये का टर्न ओवर कर रही है। खास बात ये है कि हाल में ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इटली के प्रधानमंत्री को जो मार्बल इनले की कलाकृति भेंट की, वह अस्थाना भाइयों की कंपनी स्टोनमैन क्राफ्ट ने आगरा में ही बनाई थी।
रजत अस्थाना के पिता गोपाल बिहारी अस्थाना का जूतों का कारोबार था। बाद में उन्होंने पब्लिशिंग हाउस में काम शुरू किया। रजत अस्थाना ने जीआईसी में पढ़ाई के बाद उच्च शिक्षा सेंट जोंस कॉलेज से की। 8 अगस्त 1995 को कंपनी बनाकर मार्बल इनले का काम शुरू किया था।