आगरा के लोहामंडी थाना क्षेत्र के तोता के ताल में गड्ढे में डूबकर हुई बच्चे की मौत के मामले में पुलिस ने एक ठेकेदार को बुधवार को गिरफ्तार कर लिया। बीएसएनएल के लिए काम करने वाली कंपनी प्रवर इलेक्ट्रोनिक्स के ठेकेदार प्रत्युष शर्मा को पुलिस ने गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां से उसको जेल भेज दिया गया। पुलिस की जांच में जलनिगम की ठेकेदार कंपनी मनीषा प्रोजेक्ट्स के सुपरवाइजर देवेश पचौरी का नाम भी सामने आया है, जो अब फरार है। पुलिस जांच में जलनिगम और बीएसएनएल अधिकारियों पर भी शिकंजा कस सकता है।
सीओ लोहामंडी अर्चना सिंह ने बताया कि रियाजुद्दीन के छह वर्षीय बेटे जीशान की मौत मामले में एफआईआर दर्ज कराई गई थी। पुलिस जांच में पाया गया कि जिस गड्ढे में बच्चे की डूबकर मौत हुई, उसे जलनिगम ने बीएसएनएल की केबल कटने पर खुदवाया था। इस काम में नियमों के उलट घोर लापरवाही बरती गई।