आगरा के तोता का ताल पर गड्ढे में गिरकर छह साल के जीशान की मौत के बाद भी जिम्मेदार अफसर अफसर बेपरवाह हैं। सोमवार को हुए हादसे के बाद से अब तक कोई भी अफसर मौके पर नहीं पहुंचा। ना ही जांच शुरू की जा सकी है। शाम तक जब जानलेवा गड्ढा खुला रहा तो पुलिस ने कर्मचारियों को बुलाकर करीब छह बजे गड्ढे से पानी निकलवाया और मिट्टी भरवाई। 32 घंटे के बाद यह गड्ढा पुलिस ने भरवाया, लेकिन इस खोदाई के जिम्मेदार अफसर अपना पल्ला छुड़ाने में लगे हुए हैं। नगर आयुक्त ने इस मामले की जांच अपर नगर आयुक्त एसपी यादव को सौंपी थी, उनके रविवार तक अवकाश पर होने के कारण जांच शुरू ही नहीं हो सकी है।
गड्ढे पर अफसरों की अजब दलीलें
जलनिगम निर्माण इकाई के प्रोजेक्ट मैनेजर यदुनाथ सिंह ने कहा कि हमने दो महीने पहले यहां सीवर का काम किया था। एक महीने पहले सीवर लाइन चालू भी कर दी। जो गड्ढा खोदा था, वह बंद कर दिया था। अब किसने गड्ढा खोदा, हमें नहीं पता। हमारे विभाग का काम नहीं है।