उत्तर प्रदेश के कासगंज जिले में पटियाली-कायमगंज मार्ग पर अशोकपुर गांव के पास मंगलवार सुबह बोलेरो और ऑटो की भीषण टक्कर हो गई। दुर्घटना में ऑटो सवार 10 लोगों की मौत हो गई, जबकि बोलेरो सवार नौ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। ऑटो सवार कमलेश की हालत गंभीर बनी हुई है। मृतकों में सात महिलाएं, दो बच्चे और ऑटो चालक शामिल है। इनमें पांच एक ही परिवार के लोग हैं। आरटीओ राजेश राजपूत की जांच रिपोर्ट के अनुसार हादसे का कारण बोलेरो चालक धीरेंद्र को नींद की झपकी आना है। पटियाली में आयोजित भोले बाबा के सत्संग में शामिल होने के लिए फर्रुखाबाद के नौ लोग बोलेरो से आ रहे थे, जबकि आटो सवार 11 लोग सत्संग में शामिल होकर फर्रुखाबाद लौट रहे थे। मंगलवार सुबह 9:30 बजे अशोकपुर गांव के पास ऑटो और बोलेरो आमने-सामने से टकरा गए। टक्कर इतनी तेज थी कि ऑटो सवार सड़क पर काफी दूर-दूर तक जा गिरे। दो बच्चों समेत छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।