मथुरा के कई गांवों एवं कस्बों में बुधवार को तेज आंधी के साथ बारिश हुई। राया, सुरीर, नौहझील क्षेत्र में ओलावृष्टि हुई। बारिश एवं ओलावृष्टि से मौसम सुहावना हो गया। लेकिन इसे शादी समारोह में लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं राया में तो ऐसा मामला सामने आया, जिसे जानकर आप भी हैरान रह जाएंगे। रेतिया बाजार में धुड़चढ़ी के दौरान अचानक आई बारिश और ओलावृष्टि से बरातियों के पैर उखड़ गए। ओलावृष्टि के चलते बरातियों ने सुरक्षित स्थानों की ओर दौड़ लगा दी, लेकिन इस दौरान वे 'दूल्हे राजा' को भूल गए। बिगड़े मौसम में फंसा दूल्हा न तो घोड़ी से उतर पाया, नाहीं उसे किसी सुरक्षित स्थान की ओर ले जा पाया। कुछ देर बाद जब मौसम के तेवर ढ़ीले हुए तो लोगों को दूल्हे की याद आई, जिसके बाद दूल्हे को सुरक्षित स्थान पर ले गए।