कासगंज जिले में सोमवार को पितृ पूर्णिमा के अवसर पर गंगा घाटों पर श्रद्धा का सैलाब उमड़ा। पितरों की आत्मा शांति और मोक्ष की कामना के लिए श्रद्धालुओं ने तर्पण किया। गंगा स्नान के बाद तर्पण कर ब्राह्मणों को भोज कराया और दान-दक्षिणा दी। दिनभर हर-हर गंगे के जयकारे गंगा घाटों पर सुनाई देते रहे।
पितरों को प्रसन्न करने के लिए श्राद्ध पक्ष के पहले दिन सोमवार को सूकरक्षेत्र सोरों के हरिपदी घाट पर श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से मंत्रोच्चार के साथ पितरों का श्राद्ध किया। गंगा के हरिपदी, लहरा, कछला, कादरगंज घाटों पर श्रद्धालुओं ने जलदान किया। दूरदराज इलाकों से आने वाले श्रद्धालु एक दिन पूर्व ही गंगा घाटों पर पहुंच गए। यहां धर्मशालाओं, पुरोहित आवासों, स्कूलों, घाट किनारे डेरा जमा लिया।