आगरा में ताज महोत्सव के दूसरे दिन गीत-संगीत और नृत्य की त्रिवेणी बही। शिल्पग्राम के मुक्ताकाशीय मंच पर सोमवार की शाम शास्त्रीय संगीत की रसधारा बही तो मुंबई के कबीर कैफे बैंड के नीरज आर्या ने कबीर की साखी, दोहों की संगीतमय प्रस्तुति से समां बांधा। चुनरिया झीनी रे झीनी, राम नाम रस भीनी... ऐसी म्हारी प्रीत...क्या लेके आया जगत में, क्या लेके जाएगा, दो दिन की जिदंगी है...जैसे गीतों से दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। उधर, सूरसदन सभागार में दोपहर को संत अरविंद के 150वें जयंती वर्ष पर कलाकारों ने अपनी प्रस्तुति से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। ताज महोत्सव में आज कॉमेडी का तड़का लगेगा। कॉमेडी नाइट में सुनील पाल, राजन श्रीवास्तव, एहसान कुरैशी अपनी प्रस्तुति से लोगों को हंसाएंगे।