कारगिल विजय दिवस से एक दिन पहले ताजनगरी फेज-एक में कारगिल शहीद श्यामवीर सिंह के घर में दो बदमाशों ने धावा बोलकर 27 लाख की लूट की। शहीद के बेटे नरेश चाहर के दो साल के बेटे भविष्य की गर्दन पर चाकू लगा दिया। बच्चे का गला काटने की धमकी देकर नरेश की पत्नी शकुंतला देवी को बंधक बना लिया।
बदमाश छैनी-हथौड़े से अलमारी का लॉकर तोड़ने के बाद 40 तोले सोना-2.5 किलोग्राम चांदी के जेवरात और पांच लाख रुपये लूटकर ले गए। घटना से परिवार दहशत में है। सूचना पर पहुंचे दरोगा ने घटना को छिपाए रखा। मंगलवार शाम को अधिकारियों को जानकारी हुई। इसके बाद टीम गठित की गई हैं।
घटना सोमवार शाम तकरीबन साढ़े सात बजे की है। शहीद श्यामवीर सिंह के बेटे नरेश चाहर ने बताया कि उनका पेट्रोल पंप है। वह पंप पर गए हुए थे, जबकि मां गीता देवी और भाई विजय सिंह गांव गए थे। उन्हें कारगिल दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल होना था। घर में उनका दो साल का बेटा भविष्य और पत्नी शकुंतला मौजूद थीं।