मथुरा के बरसाना में मंगलवार को श्रीकृष्ण की आह्लादिनी राधारानी के जन्मोत्सव पर आस्था का जनसैलाब उमड़ा। जिधर देखो उधर ही राधे-राधे बोलते हुए श्रद्धालुओं की भीड़ श्रीजी मंदिर (राधारानी मंदिर) की ओर बढ़ी चली जा रही थी। श्रीजी मंदिर जाने वाली गलियों में राधे नाम के अलावा और कुछ सुनाई नहीं दे रहा था। दिल्ली, पंजाब, राजस्थान, हरियाणा आदि राज्यों से बरसाना पहुंचे हजारों श्रद्धालु राधारानी की एक झलक पाने को बेताब दिखे।
भक्त गाते हुए चल रहे थे रानी कीरत गोद खिलावे, मृद मुस्काई है। राधे प्रगट भाई बरसाने मंगल बजत बधाई है, भानु भवन की शोभा नयारी, भूषण वसन बटात भारी। श्री वृषभान सुता अति सूंदर, वेद कहाई है राधे प्रगट भाई बरसाने मंगल बजत बधाई है। भोर में अभिषेक के दर्शनों के लिए तो मंदिर परिसर में मारामारी रही। मंगला आरती में शामिल होने के लिए देर रात से ही लोग मंदिर परिसर में पहुंच गए थे।