मैनपुरी में शिक्षिका की हत्या के बाद जांच में जुटी पुलिस ने मौके से तमंचा बरामद किया है। वहीं फॉरेंसिक टीम ने फिंगर प्रिंट सहित अन्य नमूने लिए। मृतका की मां के अनुसार बृहस्पतिवार शाम को शिक्षिका ने फोन करके अपने भाई को पति के शराब पीकर आने की बात बताई थी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मृतका के पति समेत चार आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।
संबंधित खबर- मैनपुरी में सनसनीखेज वारदात: प्राथमिक विद्यालय की शिक्षिका की गोली मारकर हत्या, आरोपी पति फरार
देवी रोड निवासी शिक्षिका चंद्रिका यादव उर्फ मोनिका पत्नी ध्रुव यादव कोतवाली क्षेत्र के एक परिषदीय स्कूल में तैनात थीं। बृहस्पतिवार की रात उनकी गोली मारकर हत्या कर दी गई। मायके वालों के अनुसार मोनिका पति ध्रुव यादव के शराब पीकर देर से घर आने से परेशान थी। इसका जिक्र बृहस्पतिवार की रात उसने अपने भाई से फोन पर बातचीत के दौरान किया था।
मोनिका ने अपने भाई धीरपाल सिंह निवासी रोहिला मोहम्मदाबाद (फर्रुखाबाद) को बताया था कि पति (ध्रुव यादव) शराब पीकर रात में देर से घर आता है, इससे उसे रात खाने में और सुबह उठने में देर होती है। इससे विद्यालय जाने में परेशानी होती है। हत्या के बाद एसपी अशोक कुमार राय, एएसपी मधुवन कुमार और सीओ सिटी ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जानकारी जुटाई है।