जगनेर क्षेत्र की राजस्थान सीमा के गॉव रिछोहा, भोजपुर के जंगलों में तेंदुए की दस्तक से ग्रामीण भयभीत हैं। वन विभाग के साथ वाइल्ड लाइफ की टीम शिफ्ट में पांच दिनों से अरावली के जंगलों में डेरा डाले हुए हैं। हालांकि अभी तक इस निष्कर्ष पर नहीं पहुचा जा सका है कि जंगल में चहल कदमी करने वाला जानवर तेंदुआ है या कोई और। पूरे तामझाम के साथ टीम के चार से पांच सदस्य जंगल के आसपास तैनात रहते हैं। इतना ही नहीं इस जानवर को पकड़ने के लिए पिंजरे भी रखे गए हैं। ग्रामीणों के अनुसार ये तेंदुआ ही है, जिसके कदम अब आबादी की ओर बढ़ रहे हैं। हाल ही में इन गांव में कुछ श्वानों की भी शिकार हुआ है, जिससे ग्रामीण और अधिक दहशत में हैं। उनका कहना है कि ये तेंदुआ ही है, जो बेरहमी से श्वानों का शिकार कर रहा है। डर का आलम इस कदर है कि ग्रामीण घरों से तक नहीं निकल पा रहे हैं।