नवोदय छात्रा की कथित मौत व दुष्कर्म मामले में विशेष जांच दल (एसआईटी) की जांच की रफ्तार बुधवार को बेहद तेज नजर आई। 15 उप निरीक्षकों के साथ बनाई गईं नौ टीमें गैर जनपद में दबिश के लिए रवाना की गईं। सूत्रों के अनुसार इलाहाबाद, आगरा और मथुरा में दबिश दी गईं हैं। एसआईटी ने जांच के दौरान मुल्जिम चिह्नित कर लिए हैं। हालांकि अभी तक किसी अधिकारी द्वारा इसकी औपचारिक पुष्टि नहीं हुई है। नवोदय छात्रा की मौत व दुष्कर्म मामले में एडीजी भानु भास्कर के निर्देशन में खुलासे के प्रयास में जुटी एसआईटी के कैंप कार्यालय में बुधवार की सुबह से ही सरगर्मी देखने को मिली। सभी इंस्पेक्टर कार्यालय पर बुलाए गए। वहीं 15 उप निरीक्षकों सहित करीब 47 पुलिसकर्मियों को बुधवार की सुबह ही कार्यालय पर बुला लिया गया।