आगरा जिले की फतेहाबाद तहसील का गांव बिचोला टीकाकरण के लिए पूरे देश में मिसाल बन गया है। 100 फीसदी टीकाकरण वाले प्रदेश के इस गांव को केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने अपनी सफलता की कहानी में शामिल किया है। ट्विटर पर मंत्रालय ने इसे उपलब्धि बताया। इसके अलावा फतेहाबाद क्षेत्र के तीन और गांव भी टीकाकरण में नई इबारत लिख चुके हैं।
अमर उजाला की ‘टीका ही बचाएगा’ मुहिम से प्रेरित होकर बिचौला गांव ने यह मुकाम हासिल किया है। 1243 मतदाताओं वाली बिचोला ग्राम पंचायत की मुखिया महिला प्रधान हैं। प्रधान गुड्डी देवी ने बताया कि टीकाकरण की शुरुआत में ग्रामीणों में भ्रम था। मैंने अखबार में पढ़कर टीके का महत्व समझा। फिर अन्य लोगों से भ्रम दूर करने का बीड़ा उठाया।
प्रधान ने बताया कि सबसे पहले मैंने खुद टीका लगवाया। अपने परिवार का टीकाकरण कराया। फिर मैं स्वास्थ्य कर्मियों, आशाओं व आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के साथ गांव के एक-एक घर में गई। वहां लोगों को समझाया कि इस बीमारी से सिर्फ टीका ही बचा सकता है। स्वास्थ्य टीमों ने भी मेहनत की। एक महीने में पूरे गांव ने टीका लगवा लिया।