सपा अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के पास करोड़ों रुपये की चल-अचल संपत्ति है। वह 25.65 करोड़ रुपये की संपत्ति के मालिक हैं। लेकिन उनके पास न तो कोई कार है और न ही सोना-चांदी है। वहीं पत्नी डिंपल यादव के पास पौने तीन किलो सोने के साथ ही मोती और हीरे भी हैं। यह ब्योरा अखिलेश यादव ने नामांकन पत्र के साथ दाखिल शपथ पत्र में दिया है। बता दें कि अखिलेश यादव मैनपुरी की करहल सीट से पहली बार विधानसभा चुनाव लड़ रहे हैं। सोमवार को उन्होंने अपना नामांकन पत्र दाखिल किया।
करहल विधानसभा सीट से चुनाव लड़ रहे अखिलेश यादव के पास कुल 8.43 करोड़ रुपये की चल संपत्ति है। इसमें नकदी के साथ-साथ मोबाइल फोन, व्यायाम के उपकरण आदि शामिल हैं। वहीं अचल संपत्ति की अगर बात करें तो कृषि भूमि, आवासीय भूमि और भवन के रूप में उनके पास 17.22 करोड़ रुपये की संपत्ति है।