आगरा में दीवानी के गेट नंबर एक स्थित पेट्रोल पंप पर रविवार शाम तूफान में छज्जा गिरने से बालक यश की मौत के बाद पिता दिलीप कुमार पंप कर्मियों पर खासे नाराज दिखे। उन्होंने पंप कर्मियों पर मदद न करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि उनके चार साल के बेटे को सिर में गंभीर चोट लगी थी, खून बह रहा था। वह पंप कर्मियों से बेटे को अस्पताल तक पहुंचाने के लिए मदद मांग रहे थे लेकिन किसी ने मदद नहीं की। अंतत: वह बेटे को बचा नहीं सके।
मूलरूप से सादाबाद के बिसावर निवासी दिलीप कुमार ने पुलिस को बताया कि वह टेढ़ी बगिया में किराये पर रहते हैं। छोटे बेटे यश के साथ एंटी रैबीज का इंजेक्शन लेने बाइक से देहली गेट गए थे। लौटते में पंप पर पेट्रोल भरवाने लगे। तूफान आने पर छज्जे के नीचे खड़े हो गए। छज्जा गिरने से यश के सिर में गंभीर चोट आई। वह बेटे को जैसे-तैसे अस्पताल लेकर पहुंचे, वहां मौत हो गई। थानाध्यक्ष न्यू आगरा अरविंद निर्वाल ने बताया कि पंप का छज्जा गिरने से हादसा हुआ। तहरीर मिली है।