फिरोजाबाद में डेंगू और वायरल से मौत के आंकड़ों में कमी आई है। मगर मौत का सिलसिला पूरी तरह थमा नहीं है। मंगलवार को बुखार से एक और युवक ने सरकारी ट्रॉमा सेंटर में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया है। अब मृतक संख्या 225 पहुंच गई है। हिमांयूपुर निवासी अनिल कुमार (19) पुत्र रामसिंह को दो दिन से तेज बुखार था। तबीयत खराब होने पर अनिल कुमार को परिजन सरकारी ट्रॉमा सेंटर लेकर आए थे। यहां इलाज के दौरान मौत हुई है। वहीं टूंडला नगला सिंघी के गांव ठार हाथी निवासी मुरारीलाल के 16 वर्षीय बेटे खेतपाल को 25 सितंबर को बुखार आया था। परिजनों ने आगरा में युवक का उपचार कराया। मंगलवार को खेतपाल ने दम तोड़ दिया। जिले में मौत का आंकड़ा भले ही 225 पार कर गया हो, लेकिन स्वास्थ्य विभाग का आंकड़ा 63 पर अटका हुआ है।