आगरा बाईपास रोड गिहार कालोनी का रहने वाला भानू गिहार अवैध शराब से लेकर हर तरह के अपराध में लिप्त है। कोतवाली में उसकी हिस्ट्रीशीट भी खुली हुई है, वह लगातार 10 सालों से पुलिस को चकमा देता आ रहा था। इस बीच उसके द्वारा लगातार आपराधिक वारदात अंजाम दी जा रहीं थीं। इंस्पेक्टर कोतवाली और स्वाट प्रभारी विक्रम सिंह ने बताया कि भानू गिहार की गिरफ्तारी किसी चुनौती से कम नहीं थी। बृहस्पतिवार को जब उसकी शहर में मौजूदगी सूचना मिली तो तुरंत ही टीम को सक्रिय कर दिया गया।
भानू व मुठभेड़ के दौरान उसका भागा हुआ साथी अर्जुन यादव निवासी नगला दौलत लगातार पुलिस पर फायर कर रहे थे। अर्जुन के पास एक पिस्टल थी। मौके पर उसके खाली खोखा भी बरामद हुए हैं। बदमाश भगा रहे थे, जिस वजह से मार्ग के दोनों ओर पुलिस टीमों को लगाकर वाहनों को रोक दिया गया था। मुठभेड़ के दौरान मार्ग पर आवाजाही पूरी तरह से बंद रही। गोलियां चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग अपने घरों के बाहर निकल आए।