कान्हा की नगरी में परिक्रमा के लिए श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। नववर्ष पर यह संख्या लाखों में पहुंचेगी। शनिवार को गिरिराज की परिक्रमा के लिए हजारों श्रद्धालु गोवर्धन पहुंचे। परिक्रमा मार्ग गिरिराज के जयकारों से गूंज उठा। श्रद्धालु पैदल परिक्रमा के साथ दंडोति (दंडवत परिक्रमा) भी कर रहे थे। इस दौरान प्रशासन के इंतजाम फेल नजर आए। श्रद्धालुओं की भीड़ के चलते दानघाटी मंदिर के सामने जाम लगा रहा। परिक्रमा मार्ग पर भी लोग वाहन लेकर घूमते नजर आए, जिससे श्रद्धालुओं को परेशानी का सामना करना पड़ा।
विज्ञापन
2 of 7
परिक्रमा मार्ग पर उमड़ी श्रद्धालु की भीड़
- फोटो : अमर उजाला
मोक्षदा एकादशी पर शुक्रवार की रात से ही गोवर्धन के सप्तकोसीय परिक्रमा मार्ग पर श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ना शुरू हो गई थी। आधी रात से ही हजारों श्रद्धालुओं ने श्रीकृष्ण की क्रीड़ा स्थली गिरिराज धाम के दानघाटी मंदिर में गिरिराज प्रभु का दुग्धाभिषेक कर परिक्रमा शुरू की। नव वर्ष से पूर्व शनिवार को उल्लास में डूबे भक्तों के कदमों की आहट ने गिरिराज की तलहटी को भक्ति के सागर में डुबो दिया।
विज्ञापन
3 of 7
दंडवत परिक्रमा करते श्रद्धालु
- फोटो : अमर उजाला
गिरिराज के जयकारों से तलहटी दिनभर गुंजायमान होती रही। गिरिराज प्रभु के जयघोष और राधे-राधे की धुनों पर भक्त थिरकते नजर आए। रात में सर्दी भी लोगों की आस्था को डिगा नहीं पाई। तलहटी में बह रही भक्ति की रसधार में सुध-बुध खोए श्रद्धालु सर्दी को मात देकर प्रभु भक्ति में लीन नजर आए। भक्तों ने गिरिराज की शरण में पहुंचकर माथा टेका और ब्रज रज लगाकर मनोकामना पूर्ण होने की मनौती मांगी।
4 of 7
परिक्रमा मार्ग पर लगा जाम
- फोटो : अमर उजाला
नववर्ष से पहले हजारों श्रद्धालु गिरिराज परिक्रमा करने के लिए गोवर्धन पहुंचे। भक्तों के उमड़ते सैलाब से गोवर्धन में प्रशासन की व्यवस्थाएं फेल नजर आईं। भक्तों के वाहन खड़े करने के लिए स्थानीय प्रशासन कोई पार्किंग व्यवस्था नहीं कर सका। श्रद्धालु चार पहिया वाहनों को सड़क किनारे पार्क कर परिक्रमा करने चले गए, जिससे कस्बा के प्रमुख मार्गों पर जाम लगा रहा।
विज्ञापन
5 of 7
परिक्रमा मार्ग पर वाहन
- फोटो : अमर उजाला
प्रशासन की लापरवाही के चलते गिरिराज धाम से जुड़े गोवर्धन-मथुरा, गोवर्धन-बरसाना, सौंख-गोवर्धन, छटीकरा-गोवर्धन प्रमुख मार्ग पर बने सरकारी पार्किंग स्थल शोपीस बने नजर आए। सरकारी पार्किंग स्थलों पर कोई कर्मचारी मौजूद नहीं था। प्रशासनिक अधिकारियों की लापरवाही के चलते श्रद्धालु सड़क किनारे वाहन खड़े करने पर मजबूर होकर परेशानियों का सामना कर रहे हैं।
विज्ञापन
6 of 7
श्रद्धालु सीमा और राधिका
- फोटो : अमर उजाला
राजस्थान के अलवर निवासी सीमा गुलाटी ने कहा कि वह हर महीने गिरिराज परिक्रमा करने गोवर्धन परिवार के साथ आती हैं। गोवर्धन गिरिराज धाम में आकर मन को शांति मिलती है। राजस्थान के जोधपुर से आईं राधिका गौड़ ने कहा कि वह परिवार के साथ गिरिराज परिक्रमा करने आईं हैं। गिरिराज परिक्रमा मार्ग पर प्रशासन को और बेहतर सुविधाएं देनी चाहिए। खास कर परिक्रमा मार्ग में महिलाओं की सुरक्षा पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि गिरिराज प्रभु की परिक्रमा कर मन को बहुत शांति मिलती है।
फरीदाबाद की रूबी देवी ने कहा कि पहली बार गिरिराज प्रभु की परिक्रमा करने आई हूं। गोवर्धन धाम में आकर बहुत अच्छा लग रहा है। कोरोना से पूरा देश डरा हुआ है लेकिन गोवर्धन में ऐसा कुछ भी देखने को नहीं मिला। ये सब गिरिराज प्रभु की कृपा से ही संभव है। जयपुर की कविता ने कहा कि वह लॉकडाउन के बाद पहली बार गिरिराज धाम आई हैं, पहले भी कई बार परिक्रमा लगाई है। इस बार गोवर्धन परिक्रमा मार्ग में ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर दिक्कत हो रही है।