मैनपुरी में बुखार के मरीजों की बढ़ती जा रही है। मंगलवार को अलग-अलग क्षेत्रों में बुखार से पीड़ित एक युवती सहित चार मरीजों की मौत हो गई। जिला अस्पताल की जांच में 28 मरीज डेंगू पॉजिटिव निकले हैं। शहर के मोहल्ला यदुवंश नगर निवासी रुपेंद्र सिंह की 60 वर्षीय पत्नी सुमन चौहान को बुखार आ रहा था। परिजन निजी डॉक्टर के यहां उपचार करा रहे थे। यहां मंगलवार को उनकी मौत हो गई। थाना एलाऊ क्षेत्र के गांव अजीतगंज निवासी सर्वेश सक्सेना की 18 वर्षीय पुत्री शिवानी सक्सेना को चार दिनों से बुखार आ रहा था। परिजन मंगलवार को उसे आगरा लेकर जा रहे थे रास्ते में उसकी मौत हो गई। कस्बा घिरोर के मोहल्ला वाल्मीकि निवासी भगवानदास गुप्ता के 25 वर्षीय पुत्र शिवम गुप्ता को बुखार आने पर परिजन दिल्ली में उपचार करा रहे थे। परिजनों के अनुसार उसे डेंगू था। मंगलवार को दिल्ली में शिवम की मौत हो गई।