आगरा में कोरोना कर्फ्यू जारी है। लोगों के बेवजह घरों से बाहर निकलने पर रोक है। एक तरफ शासन पाबंदियां हटाकर कोई जोखिम नहीं लेना चाहता। दूसरी तरफ सोमवार को कंटेनमेंट जोनसे लेकर बाजारों तक में लोगों की भीड़ उमड़ी। शहर में 11 बड़े कंन्टेन्मेंट जोन हैं। जिनमें छह इलाके ऐसे हैं जहां 100 से अधिक सक्रिय मरीज हैं। फिर भी कुछ लोग लापरवाह है। अब इन हालात में संक्रमण की शृंखला कैसे टूटेगी ?
कंटेनमेंट जोन में शामिल सिकंदरा, दयालबाग, कमला नगर में सोमवार को लोग घरों से बाहर घूमते नजर आए। जबकि आईजी नवीन अरोरा ने शनिवार को यहां घरों से लोगों के निकलने पर रोक लगाई थी। इधर, शाहगंज, लोहामंडी से लेकर मोतीगंज, रावतपाड़ा और दरेसी में किराना दुकानों पर लोगों का हुजूम उमड़ा। लोग कोविड प्रोटोकॉल की धज्जियां उड़ाते हुए एक दूसरे से चिपक कर खड़े लोग नजर आए। ज्यादातर लोग गलत तरीके से मास्क लगाए दिखे।