ब्रज रज उत्सव के उद्घाटन के लिए सीएम योगी आदित्यनाथ के आगमन को लेकर प्रशासन ने तैयारियों में पूरी ताकत लगा दी है। मंगलवार को मुख्यमंत्री के आगमन के मद्देनजर जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आया। हेलीपैड से लेकर कार्यक्रम स्थल तक सुरक्षा के खास इंतजाम किये जा रहे है। पूरे कार्यक्रम स्थल को चार सेक्टरों में विभाजित कर अपर पुलिस अधीक्षक स्तर के अधिकारी को सुरक्षा की जिम्मेदारी सौंपी गई है। उनके साथ ही14 डिप्टी एसपी व निरीक्षक तैनात किए गए हैं। मुख्यमंत्री के आगमन से जुडे़ सभी रास्तों पर वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित कर बैरिकेडिंग की गई है। ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा ने मंदिरों का जायजा लिया। पुलिस महानिरीक्षक आगरा नचिकेत झा ने अधीनस्थ अधिकारियों के साथ सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। तैनात पुलिसकर्मियों व अधिकारियों से ड्यूटी में लापरवाही न बरतने की हिदायत देते हुए कहा है कि सामान्य नागरिकों को मुख्यमंत्री के आगमन के दौरान कोई परेशानी न हो जबकि संदिग्ध लोगों पर कड़ी नजर रखी जाए। इस दौरान डीएम नवनीत सिंह चहल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. गौरव ग्रोवर,अपर पुलिस अधीक्षक एमपी सिंह, एमवीडीए के ओएसडी क्रांति शेखर सिंह, विद्युत निगम सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।