मथुरा में रविवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की जन विश्वास रथयात्रा का शुभारंभ करने से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने निर्धारित कार्यक्रम से हटकर अचानक श्रीकृष्ण जन्मस्थान पर पहुंचकर कान्हा का आशीर्वाद प्राप्त किया। वृंदावन हेलीपैड पर भाजपा पदाधिकारियों के स्वागत व गार्ड ऑफ ऑनर के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का काफिला सभास्थल के लिए निकला। इसी बीच मुख्यमंत्री ने कहा कि योगीराज श्रीकृष्ण के दर्शन करने हैं। श्रीकृष्ण जन्मस्थान पहुंचे मुख्यमंत्री को देख सुरक्षा में तैनात पुलिस व प्रशासनिक अफसरों के होश उड़ गए। यहां पर मुख्यमंत्री ने भागवत भवन और गर्भगृह और योगमाया के दर्शन किए। सेवायतों ने चुनावी रण जीतने के लिए सीएम को कृष्णार्जुन रथ भेंट किया। यहां सीएम 25 मिनट तक रुके। कान्हा की नगरी में प्रदेश के मुख्यमंत्री 19 बार आए और पांच बार श्रीकृष्ण जन्मस्थान पर दर्शन कर चुके हैं। भागवत भवन में सेवायतों ने विधिविधान से सीएम योगी को पूजा-अर्चना कराई, जहां मुख्यमंत्री ने जन विश्वास रथयात्रा की सफलता की कामना की। भगवान केशवदेव का आशीर्वाद प्राप्त किया।