उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जनपद में दो दिन पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम अपनी जमीन का बैनामा कराने पहुंचीं बुजुर्ग बिट्टन देवी के मामले में शुक्रवार को तहसील से एक टीम जांच करने पहुंची। तहसीलदार के नेतृत्व में पहुंची टीम ने महिला के बयान दर्ज किए। महिला ने बताया कि बेटे से नाराज होकर उन्होंने यह निर्णय लिया था। हालांकि अब सब कुछ ठीक होने पर उन्होंने अपना निर्णय बदल लिया है।
विज्ञापन
2 of 5
परिवार के साथ बुजुर्ग महिला बिट्टन देवी
- फोटो : अमर उजाला
बुधवार को किशनी के गांव चितायन निवासी बिट्टन देवी (85) पत्नी स्वर्गीय पूरनलाल तहसील पहुंचीं थीं। उन्होंने अपने नाम दर्ज एक हेक्टेयर कृषि भूमि प्रधानामंत्री नरेंद्र मोदी के नाम करने की बात कही थी। बाद में अधिवक्ताओं के समझाने पर वह अगले दिन आने की बात कहकर लौट गईं थीं। अमर उजाला ने गुरुवार को इस खबर को प्रमुखता से प्रकाशित किया था। शुक्रवार को इस मामले में उप जिलाधिकारी किशनी रामसकल मौर्य के आदेश पर तीन सदस्यीय टीम महिला के घर पहुंची।
विज्ञापन
3 of 5
बुजुर्ग महिला बिट्टन देवी के घर पहुंची तहसील से टीम
- फोटो : अमर उजाला
तहसीलदार सुशील कुमार के नेतृत्व में रजिस्ट्रार कानूनगो अजीत यादव और क्षेत्रीय लेखपाल वैभव सत्यार्थी ने बिट्टन देवी के बयान दर्ज किए। उन्होंने बताया कि उनके छोटे बेटे ने उन्हें धक्का मार दिया था, वह इस बात से नाराज थीं। हालांकि बाद में बेटे के माफी मांगने और लोगों के समझाने पर उन्होंने प्रधानमंत्री के नाम जमीन करने का निर्णय बदल लिया है। टीम ने बेटों को भी बुजुर्ग मां की बेहतर देखभाल करने की हिदायत दी है। उनके बयान दर्ज करने और शपथ पत्र लेने के बाद टीम लौट गई।
अमर उजाला की खबर पर सीएम ऑफिस ने लिया संज्ञान
गुरुवार के अंक में अमर उजाला ने बुजुर्ग बिट्टन देवी द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम जमीन किए जाने की खबर को प्रमुखता से प्रकाशित किया था। खबर पर संज्ञान लेकर मुख्यमंत्री कार्यालय ने गुरुवार को जिला प्रशासन से पूरे मामले की रिपोर्ट मांगी थी। इसके बाद ही प्रशासन हरकत में आया।
मुख्य विकास अधिकारी ईशा प्रिया ने बताया कि मुख्यमंत्री कार्यालय से मामले की जानकारी मांगी गई थी। उप जिलाधिकारी किशनी के अनुसार टीम भेजकर बुजुर्ग महिला के बयान दर्ज कराए गए हैं। उन्होंने गुस्से में प्रधानमंत्री के नाम जमीन की रजिस्ट्री करने का निर्णय लिया था। अब वह ऐसा करने से मना कर रहीं हैं।