आगरा में लोहामंडी के पुल छिंगा मोदी के अरुण की मौत के मामले की विवेचना अलीगढ़ रेंज से की जाएगी। इस मामले में शुक्रवार को मृतक के भाई रिंकू ने कहा कि अवधपुरी पुलिस चौकी पर परिवार ही नहीं, रिश्तेदारों तक से पूछताछ की गई थी। आरोप लगाया कि अरुण को भी चौकी पर लाया गया था। पूछताछ के दौरान उसकी पिटाई की गई थी। महिलाओं को भी पूछताछ के लिए चौकी पर बैठाया गया। घटना के बाद से परिवार दहशत में है। पुलिस के सामने कुछ भी नहीं बोल पा रहा है। रिंकू का कहना है कि रविवार रात को पुलिस ने घर से उसके साथ भाई बंटी, सोनू, जया, भाभी सुनीता, भतीजे आकाश, अरुण की पत्नी सोनम और मां कमला देवी को पकड़ लिया था। सभी को थाने ले गए। मां वृद्ध हैं। इस कारण उन्हें थाने पर ही बैठा दिया गया। बाकी को एक-एक करके चौकी पर ले जाया गया।