फतेहाबाद के गांव धरियाई में सुबह साढ़े सात बजे चार वर्षीय शिवा खेलते समय खुले बोरवेल में गिर पड़ा। करीब 180 फुट गहरे गड्ढे में वह 95 फुट पर जाकर फंस गया। इसके बाद जिसे भी खबर लगी वह दौड़कर घटनास्थल पर पहुंच गया। धरियाई ही नहीं आसपास के निबोहरा, रामपुर, रामगढ़ आदि गांवों के करीब तीन हजार लोग मौके पर जमा हो गए। करीब आठ बजे पुलिस को सूचना दी गई। 8:20 पर पुलिस वहां पहुंच गई। पूर्वाह्न करीब 11:30 बजे सेना और आपदा प्रबंधन की टीमों ने बचाव कार्य शुरू कर दिया। शाम करीब पांच बजे बचाव कार्य पूरा हुआ और शिवा को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। सुबह साढ़े सात बजे से शाम पांच बजे तक चले मिशन जिंदगी के दौरान मौके पर मौजूद करीब तीन हजार लोगों की साढ़े नौ घंटे तक धड़कनें बढ़ी रहीं। शिवा के सकुशल निकलने के बाद सबने राहत की सांस ली और सेना और बचाव दल को धन्यवाद दिया।