फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अलविदा की नमाज: अल्लाह की इबादत में झुके हजारों सिर, अमन चैन की मांगी दुआ

Fri, 29 Apr 2022 11:18 PM IST
धीरेन्द्र सिंह अमर उजाला ब्यूरो, आगरा
विज्ञापन
1 of 7
जुमा अलविदा की नमाज अदा करते रोजेदार - फोटो : अमर उजाला
माह-ए-रमजान के आखिरी शुक्रवार को अलविदा की नमाज अदा की गई। आगरा की शाही जामा मस्जिद सहित फिरोजाबाद, एटा-कासगंज की मस्जिदों में अल्लाह की इबादत में हजारों रोजेदारों के सिर झुके और मुल्क की बेहतरी के लिए दुआ मांगी। अलविदा की नमाज के दौरान पुलिस प्रशासन की ओर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए। अलविदा के जुमे की नमाज अदा करने के लिए दोपहर को भीषण गर्मी के बाद भी रोजेदारों में खुशी का आलम था। शाही जामा मस्जिद में दोपहर एक बजे से ही नमाजियों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। दोपहर डेढ़ बजे खुतबा पढ़ने से पहले ही हजारों की तादाद में नमाजी मस्जिद परिसर में एकत्रित हो गए। इस बार मस्जिद के पीछे सुभाष बाजार मार्केट और अगले हिस्से में आगरा किला स्टेशन के दूसरे प्रवेश द्वार पर दरियां नहीं बिछाई गईं। नमाजी शाही जामा मस्जिद के भीतर ही नमाज अदा करने के लिए एकत्रित हुए। हर साल मस्जिद के दोनों ओर सड़क पर भी नमाज अदा की जाती थी। 
विज्ञापन

2 of 7
जुमा अलविदा की नमाज अदा ताजमहल से बाहर आते हुए - फोटो : अमर उजाला
शाही इमाम इरफान उल्ला खां निजामी ने नमाज अदा करवाने के बाद मुकद्दस रमजान पर रोशनी डाली। कहा कि ईद का त्योहार भाईचारे को बढ़ावा देने वाला है। उन्होंने मुल्क में अमन चैन, खुशहाली और सांप्रदायिक सद्भाव कायम रखने की दुआ की। मस्जिद के बाद जकात लेने के लिए भी काफी संख्या में कमजोर तबके के लोग पहुंचे। शाही मस्जिद लोहामंडी, ताजमहल स्थित शाही मस्जिद, कैंथ वाली मस्जिद, नूरी मस्जिद, मस्जिद जाल, मस्जिद कलां समेत शहर की मस्जिदों में दोपहर एक से दो बजे के बीच नमाज अदा की गई। अलविदा की नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को जुमे की मुबारकबाद पेश की। हिंदुस्तानी बिरादरी के अध्यक्ष डॉ. सिराज कुरैशी ने बताया कि ज्यादातर लोगों ने अपने इलाकों की मस्जिदों में नमाज अदा की। इस बार जामा मस्जिद पर नमाजी पिछली बार की तुलना में कम तादाद में पहुंचे। देहात से भी नमाजी नहीं पहुंचे। मस्जिद परिसर भी पूरी तरह नहीं भर पाया। 
विज्ञापन

3 of 7
एटा में जुमा अलविदा की नमाज अदा करते रोजेदार - फोटो : अमर उजाला
एटा में माह-ए-रमजान के अलविदा जुमे (आखिरी) की नमाज शांति पूर्ण तरीके से मस्जिदों में अदा की गई। रोजेदारों ने मस्जिद में अमन-चैन की दुआ के लिए नमाज अदा की। इस दौरान मस्जिदों के बाहर पुलिस बल तैनात रहा। रमजान माह के अंतिम शुक्रवार को अलविदा जुमे की नमाज अदा की गई। घरों में बच्चों से लेकर बुजुर्ग तक कोरोना काल के बाद पहली बार मस्जिद में नमाज अदा करने के लिए उत्साहित थे। नमाज पढ़ने के लिए ज्यादातर लोगों ने नए कपड़े खरीदे व सिलवाए थे, जिन्हें पहनकर मस्जिद में पहुंचे। मस्जिदों के बाहर पुलिस बल की कड़ी निगरानी रही। सुबह के वक्त सहरी के साथ ही लोगों ने धार्मिक क्रियाकलाप करना शुरू कर दिया। पांचों वक्त की नमाज लोगों ने कोरोना काल के बाद पहली बार एकत्र होकर मस्जिद में अदा की। इस दौरान मुस्लिम समुदाय के लोगों ने मस्जिद में एक दूसरे को गले मिलकर बधाईयां दीं।

4 of 7
फिरोजाबाद में जुमा अलविदा की नमाज अदा करते रोजेदार - फोटो : अमर उजाला
फिरोजाबाद में रमजान माह के आखिरी शुक्रवार (जमा अलविदा) के अवसर पर  सदर बाजार स्थित जामा मस्जिद में क्षमता के अनुरूप ही नमाजी नमाज अदा करने के लिए पहुंचे। यहां नमाज मौलाना असद अलीम शमशी ने अदा कराई। यहां एसपी सिटी मुकेशचंद्र मिश्र, एडीएम अभिषेक कुमार सिंह, नगर मजिस्ट्रेट मनोज कुमार सागर,सीओ सिटी हरिमोहन सिंह पुलिस फोर्स के साथ मौजूद थे। नाले की पुलिया स्थित मस्जिद मेवा फरोशान में मौलाना मोहम्मद सफी कासमी, कटरा पठानान स्थित शाही मस्जिद में मोहम्मद आरिफ, आयशा मस्जिद में मौलाना आलम मुस्तफा याकूबी, आगा शाह मस्जिद में मौलाना फारुक, शेख लतीफ में मुफ्ती तनवीर, साबरी मस्जिद में मौलाना तनवीर उल कादरी, कम्बुआन में मुफ्ती कासिम रजी, मक्का मस्जिद में मौलाना आमीन अख्तर, करबला वाली  मस्जिद में मौलाना सैफुल्ला ने नमाज अदा कराई।
विज्ञापन

5 of 7
फिरोजाबाद में तैनात पुलिसबल - फोटो : अमर उजाला
इस दौरान फिरोजाबाद में थानाध्यक्ष दक्षिण रामेंद्र  शुक्ला, रसूलपुर कमलेश कुमार, थानाध्यक्ष रामगढ़ हरवेंद्र मिश्रा तैनात रहे। जसराना प्रतिनिधि के अनुसार, कस्बा जसराना के साथ पाढ़म एवं मुस्तफाबाद की मस्जिदों के आसपास पीएसी तैनात रही। एसडीएम नवनीत गोयल, सीओ विनय कुमार सिंह एवं कोतवाल फतेह बहादुर सिंह भदौरिया भी सक्रिय रहे। 
विज्ञापन

6 of 7
मैनपुरी में जुमा अलविदा की नमाज अदा करते रोजेदार - फोटो : अमर उजाला
मैनपुरी में  मुस्लिम समाज के लोगों ने शुक्रवार को अलविदा जुमा की नमाज मस्जिदों में अदा की। जिलेभर में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। मस्जिदों के साथ ही मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में पुलिस और पीएसी तैनात रही।  प्रशासन द्वारा नमाज को लेकर पेयजल, सफाई, विद्युत व्यवस्था को लेकर विशेष प्रबंध किए गए। शहर की जामा मस्जिद, खजूर वाली मस्जिद, खानकाहे रशीदिया, छोटी खानकाह, इमामबाड़ा, जुलापुरी मस्जिद, ऊंची मस्जिद, फाटक बदरुल मस्जिद, गुलाब बाग मस्जिद, कब्रिस्तान वाली मस्जिद, किले के पीछे स्थित मस्जिद में इमाम ने रोजेदारों को जुमा अलविदा की नमाज अदा कराई। जामा मस्जिद में ज्यादा तादाद में नमाजी पहुंचे। पेश इमाम मोहम्मद समी अहमद ने भाईचारा कायम रखने की अल्लाह से दुआ की। कहा कि रमजान माह का आखिरी जुमा मुसलमान के लिए विशेष महत्व रखता है। इस दौरान शहर में चौराहों पर पुलिस फोर्स की तैनाती रही। अधिकारी जिलेभर में भ्रमण करते रहे। थानाध्यक्षों ने पुलिस फोर्स के साथ क्षेत्र में गश्त किया। 
विज्ञापन
विज्ञापन

7 of 7
कासगंज में जुमा अलविदा की नमाज अदा करते रोजेदार - फोटो : अमर उजाला
कासगंज में जुमा अलविदा उत्साह के साथ मनाया गया। मस्जिदों में जाकर नमाज अदा की गई, जबकि सोरों के लहरा रोड नई मस्जिद पर मस्जिद के बाहर सड़क पर भी लोगों ने नमाज अदा की। जिले में 133 स्थानों पर नमाज अदा की गई। नमाज के दौरान सुरक्षा के कडे़ इंतजाम रहे। पुलिस अधीक्षक कासगंज रोहन प्रमोद बोत्रे शहर क्षेत्र में तथा अपर पुलिस अधीक्षक कासगंज श्री अनिल कुमार पटियाली सर्किल में भ्रमणशील रहकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया। शहर की जामा मस्जिद में कारी इकराम ने जुमा की नमाज अदा कराई। इसके अलावा गंदा नाला, हलवायान, गेरू शाह, सराय, बडडू नगर, चकैया, विलराम गेट, कोतवाली के बराबर, अहरोली में जुमा अलविदा की नमाज अदा हुई। ढोलना में बड़ी जामा मस्जिद में इमाम मोहम्मद फिरोज ने, नई मस्जिद ढोलना में इमाम मुस्तफा ने, बिलराम में मस्जिद तेलियान, मोहल्ला पीरजादा, मोहल्ला कस्सावान, मोहल्ला चौधरी, मौहल्ला काजी में दो मस्जिदों,  मोहल्ला कस्सावान बंदूकोंवाली, मोहल्ला काजी, गढ़ी पचगई, इनायती, भामों, घिनौना, किनावा, मोहनपुर जामा मस्जिद आदि मस्जिदों में नमाज अदा की गई। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें