ब्रज में डेंगू और बुखार से लोगों की मौतों का सिलसिला थमता नजर नहीं आ रहा है। सोमवार को 21 और लोगों ने दम तोड़ दिया। कासगंज के सात, फिरोजाबाद के पांच, एटा के चार, आगरा के दो और मथुरा के तीन लोगों ने बुखार और डेंगू से जान गंवाई है।
फिरोजाबाद में दो सगे भाइयों समेत पांच की मौत
फिरोजाबाद जिले में बुखार का कहर थम नहीं रहा। यहां पांच और बच्चों की बुखार से मौत हो गई। हाथवंत क्षेत्र के गांव लालई में पदम कुमार (11), ढूंढपुरा निवासी माधुरी (9), जसराना के गांव कुशियारी निवासी कृष्णा (5) और चिंटू (3) एवं रिषी (5) ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। रिषी और चिंटू दोनों सगे भाई थे। कुशियारी गांव में 24 से अधिक लोग अभी बुखार से पीड़ित हैं। कुशियारी के ग्रामीणों का कहना है कि सफाई एवं फॉगिंग न होने के कारण गांव में बीमारी फैल रही है।