आगरा के रुनकता में शुक्रवार को तीन घरों में आगजनी और तोड़फोड़ साजिश के तहत की गई। घटना से एक दिन पहले सोशल मीडिया पर मैसेज वायरल हुआ था। इसमें आरोपी युवक की गिरफ्तारी को लेकर हाट बाजार में पंचायत की बात लिखी गई। सुबह सात बजे रिक्शे में लगे लाउडस्पीकर से बाजार बंद कर हाट बाजार चौकपर इकट्ठा होने के लिए कहा गया। लोग जुटते रहे, लेकिन पुलिस को साजिश की भनक तक नहीं लगी। स्थानीय खुफिया तंत्र भी फेल रहा, जिससे तीन घरों में तोड़फोड़ और आगजनी की वारदात हो गई।
कस्बे में दूसरे समुदाय का युवक युवती को ले गया था। इसको लेकर पहले दिन से ही क्षेत्र के लोगों में गुस्सा था। लोगों ने थाने पर हंगामा किया था। इसके बाद मुकदमा दर्ज हुआ था। बुधवार को युवती बरामद हुई। बृहस्पतिवार को उसे आशा ज्योति केंद्र भेज दिया गया। आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई। युवती के परिवार के लोगों का आरोप है कि पुलिस ने युवक के परिजनों को भी छोड़ दिया।