आगरा में आवास विकास कॉलोनी के सेक्टर दो में डॉक्टर जसवंत राय की कोठी में 18 सितंबर की रात को पड़ी डकैती का पुलिस ने 65 घंटे में खुलासा कर दिया। वारदात घर में पिता के साथ काम करने आए शहीद नगर निवासी कारपेंटर मुशर्रफ ने अपने दोस्तों के साथ की थी। पुलिस ने उसके साथ चार साथी गिरफ्तार किए हैं। इनमें दो लूट की रकम छिपाने वाले हैं। उनसे लूट की रकम के 4.52 लाख रुपये, कार, चाकू बरामद किए हैं। दो आरोपी फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस दबिश दे रही है। एसएसपी मुनिराज जी ने बताया कि डॉक्टर जसवंत राय, उनकी पत्नी और भाई की पत्नी को बंधक बनाकर डकैती की घटना के खुलासे के लिए आठ टीम लगाई थीं। पूछताछ में पता चला कि डॉक्टर ने अपना नया मकान बनवाया था। दो महीने पहले ही रहने आए थे। उनके मकान में मजदूर, कारपेंटर, प्लंबर, बिजली मिस्त्री ने काम किया था।