आगरा के फतेहाबाद रोड पर निर्माणाधीन तीन स्टेशनों के एलिवेटेड ट्रैक के लिए सोमवार तक 616 पाइल खोदे जा चुके हैं। उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (यूपीएमआरसी) ने दावा किया है कि पाइल खोदाई का 90 फीसदी काम पूरा हो चुका है। ताज पूर्वी गेट स्टेशन के साथ अब बसई मेट्रो स्टेशन पर भी काम शुरू हो गया है। दिसंबर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आगरा मेट्रो प्रोजेक्ट का शिलान्यास किया था। छह स्टेशन का प्राथमिकता कॉरिडोर प्रस्तावित है। जिसमें फिलहाल तीन एलिवेटेड स्टेशन पर काम शुरू हो सका है। करीब 273 करोड़ की लागत से बन रहे तीनों एलिवेटेड स्टेशन के लिए पाइल खोदाई कार्य अंतिम चरण में है। प्रोजेक्ट डायरेक्टर अरिवंद राय के मुताबिक 90 प्रतिशत पाइलिंग हो चुकी है। 102 पिलर खड़े हो गए हैं। 120 पाइल की कैपिंग हो चुकी है। उन्होंने कहा, कानपुर और लखनऊ की तरह आगरा मेट्रो प्रोजेक्ट को समय पर पूरा करना प्राथमिकता है। उधर, दस महीने में हुए कार्यों पर यूपीएमआरसी के प्रबंध निदेशक कुमार केशव ने टीम को बधाई दी है।