उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले में पुनर्जन्म का मामला सामने आया है। यहां औंछा थाना क्षेत्र के गांव नगला सलेही निवासी प्रमोद कुमार गुरुवार को उस समय स्तब्ध रह गए, जब घर पहुंचे एक आठ साल के बालक ने उन्हें पिता कहकर बुलाया। प्रमोद पहले तो कुछ समझ नहीं पाए, लेकिन जब बालक ने बताया कि नहाते वक्त उसकी नहर में डूबकर मौत हो गई थी। इतना सुनते ही प्रमोद और उनकी पत्नी ने बालक को गले लगा लिया। उनकी आंखें छलक आईं।
प्रमोद कुमार ने बताया कि उनके पुत्र रोहित की 13 वर्ष की उम्र में वर्ष 2013 में नहर में डूबने से मौत हो गई थी। उनके इकलौते बेटे की मौत के बाद वह बेटी के सहारे ही जीवन बिता रहे थे। उनका बेटा माध्यमिक विद्यालय सलेही में पढ़ता था। आसपास के लोग भी बच्चे की पुनर्जन्म की बातें सुनकर हैरान थे। उसने जो कुछ भी बताया, ग्रामीणों के अनुसार वो सब सही है। इलाके में यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है।