अभिनेत्री जेनिफर विंगेट ने मथुरा के चुरमुरा स्थित वन्यजीव संरक्षण संस्था वाइल्डलाइफ एसओएस द्वारा संचालित हाथी संरक्षण केंद्र में वालंटियर बनकर 'वर्ल्ड एलीफेंट डे' मनाया। इस दौरान उन्होंने संरक्षण केंद्र में हाथियों को प्रदान की जाने वाली चिकित्सीय सुविधाओं और देखरेख के बारे में जाना।
जेनिफर विंगेट को मुख्य रूप से हिंदी टेलीविजन में उनके काम के लिए जाना जाता है, जिसके लिए उन्हें कई पुरस्कारों से सम्मानित किया जा चुका है। बचपन से ही जानवरों के प्रति लगाव रखने वाली जेनिफर आवारा जानवर जैसे कि कुत्तों के अधिकारों के लिए भी मुख्य रूप से काम करती हैं।
दुनिया में घटती हाथियों की आबादी के बारे में जागरुकता बढ़ाने के लिए हर साल 12 अगस्त को वर्ल्ड एलीफेंट डे के रूप में मनाया जाता है। इस मौके पर हाथियों के संरक्षण की लड़ाई में योगदान देने के लिए जेनिफर विंगेट हाथी संरक्षण केंद्र में कुछ दिन बिताने के लिए मुंबई से मथुरा आई हैं।