आगरा में नेशनल हाईवे के लायर्स काॅलोनी कट के सामने मंगलवार रात 11:20 बजे भीषण हादसा हुआ। तेज रफ्तार मिनी बस ने एक के बाद एक दो कार और बालू से भरी एक ट्रैक्टर-ट्राॅली में टक्कर मार दी। एक कार के दो बार हवा में पलटे खाने के बाद परखच्चे उड़ गए। वहीं, दूसरी कार में भी क्षतिग्रस्त हो गई। एयरबैग खुलने से वाहन चालकों की जान बच गई। हादसे के बाद भी चालक ने बस को नहीं रोका और भाग निकला। हादसे के बाद हाईवे पर रात 12:30 बजे तक जाम लगा रहा है। पुलिस ने वाहनों को सर्विस रोड से भगवान टाॅकीज होकर निकलवाया।
ये भी पढ़ें - UP: सड़क हादसे में जिन तीन युवकों की हुई मौत, उनके घरवालों पर पुलिस ने बजाई ऐसे लाठी...जैसे वो अपराधी हैं; रहम भी न आया
प्रत्यक्षदर्शियों ने पुलिस को बताया कि सवारियों से भरी मिनी बस सिकंदरा की तरफ से आ रही थी। वहीं, भावना एस्टेट निवासी सिद्धार्थ उर्फ लालू और सिकंदरा निवासी अनिरुद्ध सिंह भी अपनी-अपनी कार से भगवान टाॅकीज की तरफ जा रहे थे। लायर्स काॅलोनी कट पर बस ने दोनों कारों को टक्कर मारी। इस पर सिद्धार्थ की कार ने हवा में दो बार पलटे खाए। वह एयरबैग खुलने की वजह से बच गए। वहीं अनिरुद्ध की कार भी क्षतिग्रस्त हो गई।