दिल्ली सरकार ने गुरुवार को एक बड़ा फैसला लिया है। सरकार ने महिला सम्मान योजना को मंजूरी दे दी है। इस योजना के अंतर्गत सरकार दिल्ली की महिलाओं के खाते में हर महीने एक हजार रुपये की राशि ट्रांसफर करेगी। अरविंद केजरीवाल ने बताया है कि इसको लेकर कैबिनेट मीटिंग में प्रस्ताव पारित कर दिया गया है। महिला सम्मान योजना के अंतर्गत दिल्ली में रहने वाली 18 वर्ष से अधिक उम्र की सभी महिलाओं को हर महीने 1 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी। हालांकि, इस योजना का लाभ लेने के लिए दिल्ली में रहने वाली महिलाओं को रजिस्ट्रेशन करना होगा। रजिस्ट्रेशन के बाद ही उन्हें इस स्कीम का लाभ मिलेगा। अरविंद केजरीवाल ने बताया है कि इस योजना के लिए रजिस्ट्रेशन की शुरुआत कल से शुरू हो जाएगी।