Ayushman Scheme: देश के गरीबों और वंचितों के लिए सरकार की तरफ से कई योजनाएं चलाई जा रही हैं। इन्हीं योजनाओं में लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान करने के लिए आयुष्मान भारत योजना भी शामिल है। केंद्र सरकार ने इस योजना की शुरुआत साल 2018 में की थी। इस योजना का नाम अब बदलकर प्रधानमंत्री जन-आरोग्य योजना (PMJAY) कर दिया गया है। इस योजना के तहत सरकार पात्र परिवारों को 5 लाख रुपये तक का स्वास्थ्य बीमा देती है।
इस योजना के पात्र परिवारों को आयुष्मान गोल्डन कार्ड दिया जाता है। इस कार्ड को दिखाकर पात्र व्यक्ति सूचीबद्ध अस्पतालों में पांच लाख रुपये तक का फ्री इलाज करा सकता है। देशभर में 13,000 से भी ज्यादा सरकारी और निजी अस्पतालों में आयुष्मान गोल्डन कार्ड मान्य है। आयुष्मान गोल्डन कार्ड ऑनलाइन और ऑफलाइन, दोनों तरीकों से बनवा जा सकता है। इस कार्ड के जरिए कैंसर और हृदय रोग जैसी गंभीर बीमारियों समेत करीब 1500 बीमारियों की इलाज की सुविधा दी जाती है। इस योजना में पुरानी और नई सभी बीमारियां शामिल की गई हैं।