Rang Panchami 2022: आज देश भर में रंग पंचमी का त्योहार मनाया जा रहा है। होली के बाद यानी चैत्र महीने के कृष्ण पक्ष की पंचमी तिथि को यह त्योहार बड़े ही धूम-धाम के साथ मनाया जाता है। रंग पंचमी का पर्व होली के त्योहार का ही एक खास दिन होता है। होली का पर्व चैत्र कृष्ण पक्ष की प्रतिपदा से प्रारंभ हो जाता है और पंचमी तिथि तक चलता है। पंचमी तिथि पर पड़ने के कारण ही इसे रंग पंचमी का पर्व कहते हैं। पौराणिक मान्यताओं के अनुसार हर वर्ष इस तिथि पर अबीर-गुलाल,हल्दी और चंदन के साथ ही फूलों से बने रंग आसमान में उड़ाने से राजसिक और तामसिक शक्तियों का प्रभाव कम होकर मन में सात्विक भाव आता है। इससे सभी देवी-देवता बहुत ही प्रसन्न होते हैं।