हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश और बर्फबारी के तीन दिन बाद सोमवार को मौसम खुल गया पर दुश्वारियां बढ़ गई हैं। चंबा में घर पर चट्टान गिरने से भीतर सो रहीं एक बुजुर्ग महिला की दबकर मौत हो गई है। मृतक की पहचान जयवंती (77) पत्नी रूलदू राम निवासी गांव बन्नू डाकघर बरौर के रूप में हुई है। रामपुर में वजीर बावड़ी निरमंड मार्ग पर पहाड़ी दरकने से एक युवक चट्टानों की चपेट में आ गया, जिससे उसने दम तोड़ दिया है।
सोमवार दोपहर बाद अटल टनल के नार्थ पोर्टल के पास पहाड़ी से हिमस्खलन हुआ है। इससे चंद्रा नदी का बहाव कुछ देर के लिए रुक गया। हालांकि, बाद में नदी का बहाव सामान्य हो गया। जनजातीय क्षेत्र लाहौल घाटी के राशेल-लिंगर गांव के बीच वामतट की पहाड़ी से भी लगभग एक किलोमीटर के दायरे में हिमस्खलन हुआ है। इस क्षेत्र में पहाड़ी वीरान होने के चलते किसी तरह का नुकसान नहीं हुआ है।