हिमाचल प्रदेश में 416 सड़कें, 446 बिजली ट्रांसफार्मर और 161 पेयजल योजनाएं अभी भी ठप हैं। बीते दिनों हुई भारी बारिश-बर्फबारी से लाहौल-स्पीति, कुल्लू, शिमला, किन्नौर, चंबा और सिरमौर जिलों में दुश्वारियां बरकरार हैं। राजधानी शिमला और कुफरी में मंगलवार रात को भी बर्फबारी हुई। सोलन, नाहन और पांवटा साहिब में बारिश दर्ज हुई। हिमाचल में 15 जनवरी तक मौसम साफ रहने का पूर्वानुमान है। 16 जनवरी से पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से दोबारा बारिश-बर्फबारी के आसार हैं।
केलांग में मंगलवार रात को न्यूनतम तापमान माइनस 16.5 और बुधवार को अधिकतम तापमान माइनस 5.0 डिग्री सेल्सियस रहा। बुधवार को प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में मौसम साफ रहा। बिलासपुर में अधिकतम तापमान 22.0, सुंदरनगर में 21.5, ऊना-हमीरपुर में 20.4, कांगड़ा में 19.3, धर्मशाला में 18.8, भुंतर में 16.7, नाहन में 16.3, चंबा में 15.4, शिमला में 8.4, डलहौजी में 7.5, कुफरी में 3.7, कल्पा में 1.0 और केलांग में माइनस 5.0 डिग्री सेल्सियस रहा।