हिमाचल प्रदेश में अंधड़ ने तीन लोगों की जान ले ली। कांगड़ा की कुड़ना पंचायत में शुक्रवार देर रात अंधड़ से बिजली के खंभों से तार टूट कर खेत में गिरे थे। शनिवार सुबह सपना देवी (50) अपने खेतों में बंदर भगाने गईं। उनके साथ दोहती अरूही (5) भी थी। दोनों खेत में गिरे बिजली के तारों की चपेट में आईं, जिससे उनकी मौके पर मौत हो गई। वहीं, ऊना के टक्का गांव में बीती रात अंधड़ से एक पेड़ झुग्गी पर जा गिरा। इससे झुग्गी में अपने परिजनों के साथ सो रही सपना (2) पुत्री मुन्ना निवासी उत्तर प्रदेश हाल निवासी टक्का की मौत हो गई। हादसे में मुन्ना, उसकी पत्नी और एक बच्ची को भी चोटें आई हैं। मुन्ना अपने परिवार सहित पिछले 10 वर्षों से टक्का गांव में रह रहा था। उधर, उपमंडल नंगल के गांव गोहलणी में शनिवार सुबह 6:00 बजे बिजली गिरने से लगभग दो लाख रुपये के नुकसान का अनुमान है।
शुक्रवार रात आैर शनिवार सुबह प्रदेश के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी और अन्य जगह झमाझम बारिश हुई। इससे प्रदेश में मनाली-लेह, आनी-कुल्लू एनएच और अटल टनल समेत 172 सड़कें और 662 बिजली ट्रासंफार्मर ठप रहे। प्रदेश में जगह-जगह अंधड़ से पेड़ गिरने से चपेट में आए करीब 13 वाहन क्षतिग्रस्त हुए हैं। इसके अलावा शिमला में तीन, सोलन में पांच, सिरमौर और हमीरपुर में एक-एक भवन क्षतिग्रस्त हो गया। जोगिंद्रनगर और बल्ह में भी कुछ घरों की छतें उड़ने की घटनाएं हुईं हैं। ऊना, सोलन, सिरमौर, मंडी, कांगड़ा में अंधड़ व ओलाें से गेहूं और नकदी फसलों मटर, लहसुन आैर फलदार पौधों को नुकसान हुआ है। प्रदेश का अधिकतम तापमानं पांच डिग्री कम हो गया।