रोहतांग समेत लाहौल, कुल्लू और किन्नौर की चोटियों पर शुक्रवार को भी बर्फबारी का दौर जारी रहा। राजधानी शिमला में हल्के बादल छाए रहने से साथ धूप भी खिली। रोहतांग में 60, जलोड़ी दर्रा में 45 और सोलंगनाला में 20 सेंटीमीटर ताजा हिमपात दर्ज हुआ। राज्य में 265 सड़कें बंद हैं। कई भागों में बिजली-पानी की आपूर्ति ठप हो गई है। मौसम में आए बदलाव से केलांग, कल्पा, कुफरी और डलहौजी का न्यूनतम पारा माइनस में दर्ज हुआ। शुक्रवार सुबह जाखू की पहाड़ी बर्फ से सफेद नजर आई।