हिमाचल प्रदेश के मंडी शहर के तल्याहड़ वार्ड निवासी प्रणय शर्मा ने सीएम स्टार्ट-अप योजना के तहत एक ऐसा उपकरण बनाया है जो शराब पीकर गाड़ी चलाने वालों पर ऐसा शिकंजा कसेगा कि गाड़ी स्टार्ट ही नहीं होगी। प्रणय शर्मा ने इसे 'डीएनडी रोधक' नाम दिया है। इस उपकरण को गाड़ी में इंस्टाल करना होगा। इसमें कैमरा और सेंसर लगा है। जैसे ही कोई व्यक्ति शराब पीकर ड्राइविंग सीट पर बैठेगा तो यह सिस्टम गाड़ी को लॉक कर देगा और गाड़ी स्टार्ट नहीं होगी। वहीं घरवालों के मोबाइल पर भी इसका मैसेज चला जाएगा। इससे जहां हादसों में कमी आएगी वहीं लोग भी सुरक्षित रह पाएंगे। प्रणय शर्मा ने बताया कि इस उपकरण को बनाने में उनके साथ नवेक्षा सूद, रचित जैन, पल्लवी सिन्हा, अदिति पोहेकर और राजू खरबंदा ने अपनी अहम भूमिका निभाई है।