हिमाचल प्रदेश कैबिनेट की बैठक बुधवार को मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की अध्यक्षता में शिमला में आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों में सैकड़ों पदों को भरने की मंजूरी के अलावा कर्मचारियों को लेकर भी बड़ा फैसला लिया गया है। वहीं, बड़ी संख्या में स्कूलों व स्वास्थ्य केंद्रों को अपग्रेड करने का निर्णय लिया गया है। कैबिनेट ने शिक्षा विभाग के उन अंशकालिक जलवाहकों की सेवाओं को नियमित करने का निर्णय लिया, जिन्होंने 30 सितंबर 2021 तक 11 वर्ष की सेवा अवधि (अंशकालिक रूप से 7 वर्ष और दैनिक वेतन भोगी के रूप में चार वर्ष) पूर्ण कर ली है। इस निर्णय से प्रदेश के 1782 जलवाहक लाभान्वित होंगे। इसके साथ ही कैबिनेट ने वन विभाग में अनुबंध आधार पर कनिष्ठ कार्यालय सहायक (आईटी) के 129 पदों को भरने का निर्णय लिया।
बैठक में ग्राम पंचायत मुराग, शरण और कांढा-बगस्याड़ को मंडी जिले के विकास खंड गोहर से विकास खंड सराज स्थित जंजैहली में शामिल करने का भी निर्णय लिया गया ताकि इन पंचायतों के लोगों को सुविधा हो सके। कैबिनेट ने कोरोना के बढ़ते मामलों के चलते राज्य में रात 10 से सुबह 5 बजे तक एक बार फिर रात्रि कर्फ्यू लगाने का फैसला लिया है। सूबे में नो मास्क नो सर्विस व्यवस्था लागू रहेगी। रात्रि कर्फ्यू बुधवार रात से ही लागू कर दिया गया है। आवश्यक वस्तुओं वाले वाहन चल सकेंगे। इसके अलावा इंडोर गतिविधियां, सामाजिक, धार्मिक, विवाह और राजनीतिक कार्यक्रमों में बैंक्वेट हाल आदि में अब क्षमता से 50 फीसदी लोग ही एकत्र हो पाएंगे। लंगर, सिनेमाघर, स्पा, स्वीमिंग पूल, खेल परिसर, स्टेडियम, मल्टीप्लेक्स, जिम नहीं खुलेंगे, जबकि होटल और रेस्त्रां खुले रहेंगे। कैबिनेट में हुए निर्णय के बाद आपदा प्रबंधन बोर्ड ने नाइट कर्फ्यू के संबंध में अधिसूचनाएं जारी करना शुरू कर दीं।