फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मां ने थमाई थी पिस्टल आज जीत लिया सिल्वर मेडल, ये है अंजुम का अगला निशाना

Sun, 15 Apr 2018 12:59 PM IST
शशिभूषण पुरोहित, अमर उजाला, ऊना
विज्ञापन
1 of 5
ऑस्ट्रेलिया के गोल्ड कोस्ट की कॉमनवेल्थ गेम्स में रजत पदक पर निशाना साधने वाली ऊना के धुसाड़ा गांव की अंजुम मौदगिल के निशाने पर अब कोरिया में होने वाला वर्ल्ड कप है। अंजुम जल्द ही कोरिया रवाना होंगी जबकि यूएसए में होने वाले वर्ल्ड कप के लिए भी उनका चयन हुआ है। प्रदेश और देश का नाम रोशन करने वाली अंजुम अभी घर नहीं लौट सकेंगी। बिटिया की इस कामयाबी से धुसाड़ा स्थित उसके पैतृक निवास में जश्न का माहौल है। अंजुम के पिता सुदर्शन मौदगिल पेशे से अधिवक्ता हैं और पूरा परिवार चंडीगढ़ में रहता है। माता शुभ मौदगिल कुराली स्थित राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में गणित की प्राध्यापक हैं। परिवार हर सामाजिक व पारिवारिक कार्यक्रम में धुसाड़ा स्थित अपने घर आता है। अंजुम के पिता सुदर्शन ने बताया कि वह बेटी को रिसीव करने दिल्ली जा रहे हैं।
विज्ञापन

2 of 5
उसकी फ्लाइट रविवार सुबह चार बजे दिल्ली पहुंचेगी, जहां से वह तीन दिन के विशेष कैंप के लिए रवाना होंगी। उसके बाद वह कोरिया में होने वाले वर्ल्ड कप में भाग लेंगी और उसके बाद यूएसए वर्ल्ड कप के लिए रवाना होंगी। पिता सुदर्शन मौदगिल ने बताया कि वह और उनका परिवार बिटिया की कामयाबी से बेहद प्रसन्न है। अंजुम के घर लौटने के बाद वे बाबा बालकनाथ और मां चिंतपूर्णी के दर पर शीश नवाएंगे। वहीं, धुसाड़ा में रहने वाले अंजुम के चाचा प्रदीप मौदगिल ने कहा कि आज हमारे घर की बेटी ने पूरे देश में परिवार का नाम ऊंचा कर दिया है।
विज्ञापन

3 of 5
अंजुम की शिक्षा सेक्रेड हार्ट स्कूल चंडीगढ़ से हुई। अंजुम की मां शुभ मौदगिल एनसीसी में एएनओ हैं और खुद शूटिंग का शौक रखती हैं। मां की प्रेरणा से सातवीं कक्षा से ही अंजुम ने पिस्टल पकड़ ली थी। शुरुआती दौर में मां ने ही अंजुम को प्रशिक्षित किया। उसके बाद एनसीसी के दौरान कमांडिंग ऑफिसर कर्नल चौहान की देखरेख में अंजुम ने अपनी प्रतिभा को निखारा और कई प्रतियोगिताएं जीतीं। अंजुम की प्रतिभा को देखते हुए डीएवी कॉलेज चंडीगढ़ ने उसे फ्री एजुकेशन का ऑफर दिया और अंजुम ने यहां से मनोविज्ञान में बीए के बाद एमए की। 

4 of 5
अंजुम ने बीते नौ सालों में एक दर्जन से अधिक अंतरराष्ट्रीय मेडल सहित 100 से अधिक पदक जीते हैं। 2016 में गुवाहटी में 12वीं साउथ एशियन गेम्स में व्यक्तिगत व टीम स्पर्धा में दो गोल्ड जीते। एशियन चैंपियनशिप 2015 कुवैत में टीम स्पर्धा में ब्रांज, सातवीं एशियन एयरगन चैंपियनशिप कुवैत 2014 में व्यक्तिगत व टीम एयर राइफल स्पर्धा में ब्रांज मेडल, 2013 में ईरान में एशियन चैंपियनशिप में तीन ब्रांज, 2012 में दोहा में एशियन चैंपियनशिप में दो सिल्वर मेडल जीते हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन

5 of 5
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अंजुम ने 12 गोल्ड, सिल्वर व ब्रांज मेडल जीते हैं। राष्ट्रीय स्तर पर सात गोल्ड, पांच सिल्वर व सात ब्रांज व्यक्तिगत स्पर्धाओं में और पांच गोल्ड, छह सिल्वर व आठ ब्रांज मेडल टीम स्पर्धाओं में जीत चुकी हैं।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें