हमले के बाद जानकारी लेती पुलिस अधिकारी।
- फोटो : अमर उजाला
बाइकर्स दे गये धमकी, लाशें गिनना अब, देखती रही पुलिस-
बड़ला चैराहे पर दो युवकों को गोली मारने के बाद पुलिस की टीमें बड़ला चैराहे पर पहुंच गई। पुलिस टीमें वहां मौका मुआयना कर रही थी तभी एक बाइक से तीन युवक आये, जो जोर से चिल्लाते हुये पुलिस को चेतावनी दे गए कि अब तुम लोग लाशें गिनना-लाशें। हालांकि इनकी वीडियो से पहचान नहीं हो पा रही है।
भीलवाड़ा में कानून व्यवस्था की स्थिति नियंत्रण में
भीलवाड़ा में गुरुवार को हुई गोलीबारी की घटना को दृष्टिगत रखते हुए शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस जाब्ता तैनात किया गया है। भीलवाड़ा में कानून व्यवस्था की स्थिति पूर्णतः नियंत्रण में है। अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस कानून व्यवस्था श्री हवा सिंह घुमरिया ने बताया कि गुरुवार को भीलवाड़ा में गोलीबारी की घटना को ध्यान में रखते हुए तत्काल पुलिस जाब्ता तैनात किया गया। पुलिस अधीक्षक एवं उनकी टीम सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष निगरानी रख रहे हैं। उन्होंने बताया कि एहतियातन अजमेर रेंज आईजी को भीलवाड़ा भिजवाया जा रहा है। शहर में स्थिति पूर्णतया नियंत्रण में है।
50 लाख के मुआवजे सहित 4 मांगों के साथ जिला अस्पताल में धरना
भीलवाड़ा में एक युवक की मौत और एक अन्य घायल होने के मामले में दर्जनों लोग महात्मा गांधी अस्पताल परिसर में धरने पर हैं। उन्होंने चार सूत्री मांग पत्र रखा है। मांग पत्र में मृतक इब्राहिम की पत्नी को 50 लाख रुपये, घायल को 10 लाख रुपये की आर्थिक सहायता, मृतक परिवार के एक व्यक्ति को सरकारी नौकरी और अपराधियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग रखी है। धरने पर बैठे लोगों के प्रतिनिधिमंडल से भी अधिकारी बातचीत कर मामला सुलझाने का प्रयास कर रहे हैं। मुस्लिम सेवा सोसायटी भीलवाड़ा के सदर शरीफ खां पठान ने कहा है कि भीलवाड़ा के पुलिस व प्रशासन को हमारी मांगों को मानना चाहिए। हम शहर में अमन-चैन चाहते हैं। मांगे न मानी तो उग्र आंदोलन हो सकता है।