मुख्यमंत्री अशोक गहलोत 28 अगस्त को जोधपुर में राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम के प्रदेश में सबसे आधुनिक बस स्टैंड का लोकार्पण करेंगे। यह बस स्टैंड टर्मिनल जोधपुर के राईकाबाग में 22 बीघा जमीन पर 38 करोड़ रुपये लागत से बनकर तैयार हो चुका है।
जोधपुर में राजस्थान रोडवेज बस स्टैंड टर्मिनल के लोकार्पण समारोह की तैयारियां तेज हो गई हैं। रोडवेज मैनेजमेंट दिन रात कार्यक्रम की व्यवस्थाओं में जुटा है। सीएम गहलोत के गृह जिले में परिवहन के क्षेत्र में बड़ी सुविधा इस आधुनिक बस टर्मिनल से मिलेगी। न केवल जोधपुर बल्कि प्रदेशभर से आने वाले यात्रियों की सुविधाओं में बढ़ोतरी होगी। टर्मिनल की फाइनल फिनिशिंग और सीएम के लोकार्पण कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लेने के लिए जिला कलेक्टर हिमांशु गुप्ता लगातार मॉनीटरिंग कर रहे हैं ।