Rajasthan Election 2023: राजस्थान में आचार संहिता लागू होते ही अलग-अलग जिलों से पुलिस ने धरपकड़ शुरू कर दी है। धौलपुर में 28 लाख रुपये नगद बरामद किए। फिर अलग-अलग जिलों में शराब और कैश बरामद होने की सूचनाएं हैं।
विज्ञापन
1 of 5
धौलपुर में 28 लाख रुपये नगद मिले हैं।
- फोटो : अमर उजाला
राजस्थान में आचार संहिता लगते ही पुलिस और प्रशासन मुस्तैद हो गया है। धौलपुर में तलाशी के दौरान पजेरो गाड़ी से 28 लाख रुपये नगद मिले हैं। इसके बाद पुलिस ने चालक को हिरासत में लेकर आयकर विभाग की टीम को बुला लिया है। इसी तरह अलग-अलग जिलों से अवैध शराब मिलने की सूचनाएं मिल रही हैं।
धौलपुर में सीओ सिटी सुरेश सांखला ने बताया कि पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान ओंडेला गांव से आ रही पजेरो गाड़ी को रोका था। जांच करने पर गाड़ी में रखे बैग से पुलिस ने 28 लाख रुपये बरामद किए हैं। चालक इस राशि को लेकर संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया। साथ ही भरतपुर से आयकर विभाग की टीम को बुला लिया है। आगरा-मुंबई राष्ट्रीय राजमार्ग पर सागर पाड़ा चेक पोस्ट स्थित नाकाबंदी के दौरान एक हुंडई कार को पकड़ा। कार से ढाई लाख रुपये कैश बरामद किए हैं। कार मलिक को पुलिस ने राउंडअप किया है। सांखला ने बताया कि ग्वालियर से आ रही हुंडई कार से पुलिस ने ढाई लाख रुपये कैश बरामद किए हैं। गाड़ी मालिक प्रशांत गुप्ता बरामद राशि पर संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। आयकर विभाग कार्रवाई कर रही है।
विज्ञापन
2 of 5
धौलपुर में एसपी ने खुद एबी रोड पर वाहनों की चेकिंग की।
- फोटो : अमर उजाला
एसपी ने आगरा-मुंबई राजमार्ग पर खुद कराई नाकाबंदी
राजस्थान में 25 नवंबर को मतदान होना है। उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश की सीमा से लगा होने की वजह से धौलपुर जिला पुलिस के सामने बड़ी चुनौती है। एसपी मनोज कुमार ने आगरा-मुंबई राष्ट्रीय राजमार्ग पर खुद नाकाबंदी कराई। राजमार्ग पर वाहनों की सघन तलाशी ली गई। एसपी मनोज कुमार ने बताया कि उत्तर प्रदेश एवं मध्य प्रदेश के बदमाश एवं अपराधी किस्म के लोगों के प्रवेश होने की संभावना बनी रहती है। संदिग्ध लोगों एवं बदमाशों पर भी पुलिस नजर रखी जा रही है।
विज्ञापन
3 of 5
पुलिसकर्मी अवैध शराब को नष्ट करते हुए।
- फोटो : अमर उजाला
सवाई माधोपुर ने पुलिस ने नष्ट की शराब भट्टियां
सवाई माधोपुर में पुलिस और आबकारी विभाग की टीम ने चौथ का बरवाड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम धोली नट बस्ती, समुद्रपूरा एवं बनास नदी में अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। आबकारी एंव पुलिस टीम ने 1800 लीटर अवैध हथकड़ शराब बनाने का वॉश एंव करीब 10 भट्टी नष्ट की। मौके से 20 लीटर अवैध हथकढ़ शराब भी जब्त की। टीम ने शंकर पुत्र भंवरलाल बंजारा को गिरफ्तार किया है ।
4 of 5
दौसा में खेलकूद प्रतियोगिता रुकवाने गए पुलिस अधिकारी को ही माला पहना दी गई।
- फोटो : अमर उजाला
खेलकूद प्रतियोगिता रुकवाने गए थानेदार सस्पेंड
दौसा के मेहंदीपुर बालाजी थानेदार अजीत बड़सरा खेलकूद प्रतियोगिता रुकवाने गए थे। वहां आयोजकों ने उनका ही स्वागत-सत्कार कर दिया। फोटो वायरल हुआ और दौसा एसपी वंदिता राणा ने उन्हें सस्पेंड कर दिया। बड़सरा आचार संहिता लागू होने की वजह से एसडीएम के कहने पर खेलकूद प्रतियोगिता रुकवाने गए थे। वहां स्थानीय नेताओं ने थानेदार को ही मालाओं से लाद दिया। आचार संहिता उल्लंघन का मामला बना और थानेदार को एसपी ने सस्पेंड कर दिया।
एसआई ने अपने परिचितों को बांट दी अवैध शराब।
- फोटो : अमर उजाला
एएसआई के सरकारी आवास से मिली अवैध शराब
पाली के सुमेरपुर थाने में तैनात सब इंस्पेक्टर प्रकाश कुमार जीनगर के सरकारी आवास पर पुलिस की विशेष टीम ने दबिश दी। अंग्रेजी शराब के एक दर्जन कार्टन बरामद हुए। आठ अक्टूबर की रात्रि में प्रकाश ने चंडीगढ़ से गुजरात जा रहे शराब से भरे टैंकर को पकड़ा था। टैंकर से 700 कार्टन बरामद किए थे। उनमें से प्रकाश ने 54 कार्टन गायब कर परिचितों को दे दिए। कुछ अपने सरकारी आवास पर ही रख दिए। आईजी राघवेंद्र सुहास को पता लगा तो उन्होंने एसआई के घर छापा मारने के निर्देश दिए। शिकायत सही मिलने पर एसआई को सस्पेंड कर दिया।