चैत्र शुक्ल पक्ष की अष्टमी यानी महाअष्टमी को धार्मिक नगरी उज्जैन में प्रति वर्ष अनुसार इस वर्ष भी नगर में सुख समृद्धि की कामना को लेकर नगर पूजा व शासकीय पूजा का आयोजन किया जाएगा। इसे लेकर तैयारियां शुरू हो चुकी है। चैत्र मास की अष्टमी पर श्री पंचायती अखाड़ा निरंजनी द्वारा चौबीस खंबा माता मंदिर पर नगर पूजा की जाती है। इस पूजा में अखाड़े के सचिव व अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष महंत रवींद्र पुरी शामिल होंगे। हरसिद्धि शक्तिपीठ पर कलेक्टर कुमार पुरुषोत्तम शासकीय पूजन की परंपरा का निर्वहन करेंगे।
अखाड़ा परिषद के प्रवक्ता गोविंद सोलंकी ने बताया कि श्री पंचायती अखाड़ा निरंजनी चैत्र नवरात्र में सात सालों से नगर पूजा का आयोजन कर रहा है। अखाड़े के सचिव व अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष महंत रवींद्रपुरी महाराज ने इसकी शुरुआत की थी। नगर पूजा में निरंजनी अखाड़े के साथ विभिन्न अखाड़ों के महामंडलेश्वर शामिल होंगे। नगर पूजा दल में बैंड बाजे, ढोल-नगाड़े आदि शामिल रहेंगे। प्रमुख साधु-संत बग्घी में सवार होकर निकलेंगे। देवी-देवताओं के मंदिर में नए ध्वज लगाए जाएंगे।