सीहोर जिले में जोरदार बारिश के बाद हालात बिगड़ गए।
- फोटो : सोशल मीडिया
आष्टा में भी कई जगह रहा जल भराव
आष्टा में रविवार सुबह 6 बजे से 1 बजे तक बारिश हुई। बारिश से कई इलाकों में पानी भर गया है। वहीं ग्रामीण क्षेत्र जिनमें जावर, मेहतवाड़ा, कोठरी, सिद्धिगंज शामिल हैं, अभी भी बारिश हो रही है। शहर के पुराना भोपाल-इंदौर दरगाह के पास, जेके हॉस्पिटल के सामने, भोपाल नाका, बुधवारा, पुराना बस स्टैंड, सब्जी मंडी मार्ग पर जल भराव की समस्या से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। 1 जून से 20 जुलाई को सुबह 8 बजे तक अधीक्षक भू-अभिलेख के अनुसार आष्टा में 315.0, जावर में 234.0, मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई है।
सीहोर कलेक्टर ने जारी की एडवाइजरी
मौसम विभाग ने जिले में अत्यधिक वर्षा एवं बिजली गिरने की संभावना जताई गई है। कलेक्टर प्रवीण सिंह ने नागरिकों से अपील की है कि नदी, नाले, पुल, पुलिया, रपटा पर जलभराव की स्थिति में वहां से गुजरने वाले रास्तों को बाढ़ एवं पानी होने की स्थिति में पार नहीं करें तथा सुरक्षित स्थानों में रहें। इसके साथ ही वर्षा के दौरान बड़ी संख्या में नागरिक नदी, तालाब व डैम के आसपास पिकनिक मनाने जाते हैं। कई बार थोड़ी सी लापरवाही से बड़ी घटनाएं घटित हो जाती हैं। कलेक्टर प्रवीण सिंह ने सभी नागरिकों से खतरनाक और गहरे पानी वाली जगहों पर नहीं जाने की अपील की है। कलेक्टर सिंह ने सभी अविभवकों से अपील करते हुए कहा कि बच्चों को नदी, तालाब, पोखर में नहाने अथवा पिकनिक के लिए जाने से मना करें। इसके साथ ही कलेक्टर सिंह ने सभी एसडीएम, तहसीलदार और नगर पालिका के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि जिले के सभी तालाबों, डैम, नदी, नालों और जल भराव वाले क्षेत्रों पर लगातार निगरानी रखें और स्थानीय लोगों से सम्पर्क में रहें।
एक नजर में बारिश के हाल
- नदियां आई अचानक उफान पर, भोपाल-इंदौर, होशंगाबाद रोड हुआ बंद, लोग घंटों नदियों के किनारे पर फंसे रहे
- भब्बड़, अंबर, सीप, कोलार सहित अन्य नदियां आई उफान पर
- रेहटी में बजरंग चौक की दुकानों, मकानों में घुसा बारिश का पानी
- बारिश के पहले नगर परिषद की तैयारियों की खुली पोल, नहीं हुई नालियों की सफाई
- रेहटी तहसील के नजदीकी गांव बोरी में आई बाढ़, घरों में घुसा पानी, अनाज सहित सामान का भारी नुकसान
- कांग्रेस नेता विक्रम मस्ताल शर्मा पहुंचे ग्रामीणों के बीच
- भैरूंदा में भी सड़कों बनी तालाब, नाले उफान पर
- लाडकुई में बने बाढ़ के हालात, सड़कें बनी तालाब