फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

MP News: केंद्र सरकार के खिलाफ कांग्रेस का एक दिवसीय धरना, आयकर विभाग की कार्रवाई को बताया लोकतंत्र पर हमला

Sun, 31 Mar 2024 10:23 PM IST
दिनेश शर्मा अमर उजाला, न्यूज डेस्क, सागर/सीहोर/उमरिया

सार

आयकर विभाग द्वारा कांग्रेस के खातों को सील किए जाने एवं 1823 करोड़ की पेनल्टी आरोपित किए जाने के विरोध में मध्य प्रदेश कांग्रेस ने विरोध स्वरूप एक दिवसीय धरना प्रदर्शन किया। प्रदेश के कई जिलों में कांग्रेस सड़कों पर उतरी।
विज्ञापन
1 of 3
सागर में कांग्रेस का धरना प्रदर्शन - फोटो : अमर उजाला
आयकर विभाग द्वारा कांग्रेस के खातों को सील किए जाने एवं 1823 करोड़ की पेनल्टी आरोपित किए जाने के विरोध में मध्य प्रदेश कांग्रेस ने विरोध स्वरूप एक दिवसीय धरना प्रदर्शन किया। प्रदेश के कई जिलों में कांग्रेस सड़कों पर उतरी। 

सागर : भाजपा को जनता सिखाएगी सबक
जिला कांग्रेस कमेटी सागर शहर एवं ग्रामीण के संयुक्त तत्वावधान में गौरमूर्ति के पास विशाल धरना प्रदर्शन का आयोजन किया गया। इस संबंध में महामहिम राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा गया। धरना प्रदर्शन को संबोधित करते हुए सागर लोकसभा क्षेत्र के कांग्रेस के प्रत्याशी चंद्रभूषण सिंह गुड्डू राजा ने कहा कि भाजपा आयकर विभाग और ईडी का इस्तेमाल अपने विरोधियों पर अस्त्र की तरह कर रही है। भाजपा मान चुकी है कि वह 2024 के चुनाव में सत्ता से बहुत दूर रहेगी।

जिला शहर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष राजकुमार पचौरी ने कहा कि कांग्रेस के खातों को सील करना लोकतंत्र की हत्या करना है। भाजपा चाहती है कि कांग्रेस चुनाव ना लड़ पाए, लेकिन जनता भाजपा को सबक सिखा रही है। जिला ग्रामीण कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डॉ. आनंद अहिरवार पूर्व सांसद ने कहा कि कांग्रेस केंद्र सरकार आयकर विभाग की कार्रवाई से डरने वाली नहीं है। हम सड़कों पर संघर्ष करने वाले लोग हैं। जनता भाजपा के झूठ को समझ चुकी है। जिला शहर कांग्रेस कमेटी प्रभारी राजभान सिंह ने कहा कि भाजपा लोगों को डरा कर अपने में शामिल कर रही है। पूर्व विधायक सुनील जैन ने कहा कि कांग्रेस ने कभी पूर्वाग्रह से कभी किसी विरोधी को नहीं दबाया। कांग्रेस में विरोधियों का भी सम्मान था।   

 
विज्ञापन

2 of 3
सीहोर में एक वोट एक नोट का अभियान शुरू किया गया - फोटो : सोशल मीडिया
सीहोर : लोकतांत्रिक मूल्यों की हत्या कर रही भाजपा सरकार
सीहोर जिला कांग्रेस कमेटी सीहोर ने रविवार को "एक नोट एक वोट" कार्यक्रम की शुरुआत की। इसके तहत केंद्र की भाजपा सरकार के इशारे पर कांग्रेस पार्टी के खाते फ्रीज किए गए एवं आईटी विभाग द्वारा 1823 करोड़ की जबरन वसूली का नोटिस देने के विरोध में महात्मा गांधीजी की प्रतिमा के समक्ष एकत्रित होकर सांकेतिक प्रदर्शन किया और नुक्कड़ सभा कर केंद्र सरकार की दमनकारी नीतियों का विरोध जताया। मुख्य बाजार में जनता जनार्दन से "एक वोट एक नोट" की अपील के साथ आशीर्वाद लेकर आर्थिक सहयोग की अपील की।

 कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में आम जनता और व्यापारी भाइयों ने कांग्रेस पार्टी की इस मुहिम का समर्थन किया और आर्थिक सहयोग देकर आने वाले चुनाव में अपना समर्थन एवं आशीर्वाद देने का वादा किया। इस दौरान सीहोर कांग्रेस के वरिष्ट कांग्रेस नेता गण उपस्थित रहे। कांग्रेस पार्टी लोकतंत्र को बचाने के लिए लड़ रही है और भाजपा सरकार लोकतांत्रिक मूल्यों की हत्या कर रही है। भाजपा सरकार लोकतंत्र को रौंदने का काम कर रही है, ऐसा तो अंग्रेजों के जमाने में भी नहीं हुआ, अंग्रेजों के जमाने में भी बोलने और सुनने का मौका दिया जाता था। यह बात कांग्रेस के जिलाध्यक्ष राजीव गुजराती ने रविवार को गांधी पार्क में अपने संबोधन में कही। पूर्व जिलाध्यक्ष डॉ. बलवीर तोमर ने कहा कि सरकार कांग्रेस को आर्थिक रूप से कमजोर कर रही है। बहुत जल्दी देश में ऐसा समय आएगा कि जनता ही इन्हें भगाने के लिए सड़कों पर उतरेगी। 


 
विज्ञापन
विज्ञापन

3 of 3
उमरिया में कांग्रेस नेताओं ने प्रदर्शन किया। - फोटो : सोशल मीडिया
उमरिया: गिरवी हुई देश की संवैधानिक संस्थाएं
कांग्रेस ने मोदी सरकार पर देश की संवैधानिक संस्थाओं का दुरुपयोग तथा विपक्ष को कमजोर करने का आरोप लगाया है। रविवार को गांधी चौक में आयोजित धरना-प्रदर्शन के दौरान पार्टी नेताओं ने मोदी सरकार तथा भाजपा पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होने कहा कि लोकतंत्र मे लड़ाई सत्ता और विपक्ष के बीच होती है। चुनाव नीतियों के आधार पर लड़े जाते हैं और फैसला जनता करती है, परंतु सत्ता खोने की चिंता से परेशान भाजपा सरकारी मशीनरी को अपने हथियार की तरह इस्तेमाल कर रही है। ईडी, सीबीआई और इनकम टैक्स विभाग के जरिये विपक्षी नेताओं को जेलों मे डाला जा रहा है। एक ओर जहां इलेक्टोरल बॉण्ड के जरिये उद्योगपतियों से अवैध वसूली उजागर होने के बावजूद भाजपा पर कोई कार्यवाही नहीं हुई, वहीं दूसरी ओर ऐन चुनाव के समय कांग्रेस को वसूली का नोटिस थमा दिया गया। यहां तक कि उसके बैंक खातों को फ्रीज कर दिया गया है। ऐसी तानाशाही इससे पहले कभी देखी नहीं गई।

कांग्रेस ने महामहिम राष्ट्रपति से केंद्र सरकार की मनमानी पर तत्काल अंकुश लगाने के साथ सरकारी संस्थाओं को निष्पक्षता बरतने का आदेश देने की मांग की है। इस प्रदर्शन मे जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय सिंह, पूर्व अध्यक्ष राजेश शर्मा, त्रिभुवन प्रताप सिंह, नपा उपाध्यक्ष अमृतलाल यादव आदि बड़ी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित थे।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें